ग्वालियर। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने मंगलवार रात एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। यह धमकी भरा ई-मेल ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया था, जिसमें मंच को आईईडी से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके साथ ही बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी।
जांच के दौरान एटीएस ने आईपी एड्रेस को ट्रेस करते हुए उत्तर प्रदेश के दो शहरों तक पहुंच बनाई और संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसने अपना ई-मेल अकाउंट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। अब एटीएस ई-मेल खरीदने वाले की तलाश कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि धमकी असल में किसने भेजी थी।
इस बीच, इंदौर प्रशासन ने कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है। इसी गहमागहमी के बीच इंदौर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सी-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर दिलजीत के चार गानों— 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी' —को कॉन्सर्ट में न बजाने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि इनका बच्चों पर गलत असर पड़ने की आशंका जताई गई है। इन सबके बावजूद दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर इंदौर के प्रसिद्ध छप्पन बाजार की पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है कि वे इंदौर जरूर आएंगे और सबसे पहले पोहा खाएंगे।















