जबलपुर। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विवेक तन्खा जबलपुर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लेने के साथ मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान विवेक तन्खा ने बरगी बांध में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “यहां जीरो सुरक्षा है, जबकि एडवेंचर एक्टिविटी के लिए स्पष्ट नियम और सुरक्षा प्रोटोकॉल होना चाहिए।”


हादसे के बाद भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। कोतवाली क्षेत्र का एक 5 वर्षीय मासूम अब भी लापता है, जिसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन की टीमें मौके पर जुटी हैं, लेकिन बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और सुरक्षा इंतजामों को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने हादसे की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।