दमोह। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दमोह दौरा 10 मई 2026 को लगभग तय हो गया है। वह पथरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रानगिर, कल्याणपुरा एवं बिजोरी में प्रस्तावित 517 एकड़ की स्वावलंबी गोशाला (कामधेनु निवास) का भूमि पूजन करने के लिए नरसिंहगढ़ क्षेत्र पहुंचेंगे।


यह प्रधानमंत्री मोदी का दमोह का तीसरा दौरा होगा। इससे पहले वे चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए यहां आए थे। इस बार बिना चुनावी सभा के विकासपरक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं।


तैयारियां अंतिम चरण में


जिले के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ स्वीकृत भूमि का निरीक्षण किया। गोशाला के निर्माण एवं संचालन की जिम्मेदारी मेसर्स श्रीराम मानेक एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई को सौंपी गई है।


मध्य प्रदेश गौसंबर्धन बोर्ड द्वारा कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 10 मई 2026 से पहले भूमि की फेंसिंग तथा 200 गौवंश के लिए अस्थायी गोशाला का निर्माण पूरा कर लिया जाए।


उपसंचालक पशुपालन डॉ. बृजेंद्र असाटी ने बताया कि गोशाला के भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रधानमंत्री के सानिध्य में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।