मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर में शनिवार को नारी शक्ति का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित आक्रोश रैली में सैकड़ों महिलाएं सड़कों पर उतरीं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
हाथों में तख्तियां, जुबां पर तीखे नारे और आंखों में आक्रोश के साथ महिलाओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। रैली भाजपा कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भारत माता चौराहा पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई।
इस दौरान “नारी शक्ति जिंदाबाद”, “महिलाओं को उनका अधिकार दो” और “कांग्रेस जवाब दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक इस बिल को जानबूझकर लंबित रखा गया, जिससे महिलाओं को उनके अधिकार मिलने में देरी हुई। अब जब यह कानून अस्तित्व में आया है, तो कांग्रेस द्वारा इस पर सवाल खड़े करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
रैली और प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कई प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल साफ दिखाई दिया।

