मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली कफ सिरप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 152 शीशियां जब्त की हैं। पुलिस ने मामले में शहडोल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। बरामद कफ सिरप, वाहन और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 90 हजार 628 रुपये बताई गई है।


जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त की देर रात ग्राम छैरहा पहाड़ कॉलोनी में ग्रामीणों ने एक इको कार में कुछ लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली, जिसमें सफेद बोरी के अंदर बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप मिली। ग्रामीणों ने कार सवार सुजीत पटेल और एक नाबालिग को पकड़ लिया।


इसी दौरान बाइक से मौके पर पहुंचे तीन अन्य संदिग्ध पुलिस और ग्रामीणों की सक्रियता देखकर बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान 152 शीशी नशीली कफ सिरप, एक इको कार, एक बाइक और मोबाइल फोन जब्त किया।


पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 5,90,628 रुपये है। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है।


यह कार्रवाई थाना प्रभारी विजय परस्ते के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब जब्त कफ सिरप के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।