नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि दीपावली के दिन यानी 8 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन सेवा अपने नियमित समय (रात 11 बजे) के बजाय एक घंटे पहले शुरू होगी।दिल्ली मेट्रो के एक बयान में कहा गया है कि दीपावली के जश्न को देखते हुए 8 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित) के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 11:00 बजे के बजाय रात 10:00 बजे रवाना होगी।
इसके अलावा, डीएमआरसी ने दीपावली के दिन दो मेट्रो लाइनों पर ट्रेन सेवाएं एक घंटे पहले शुरू करने का भी फैसला किया है।
बयान में कहा गया है कि इस बार दीपावली रविवार को पड़ रही है, इसलिए पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार), मैजेंटा लाइन (बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क-दीपाली चौक) और ग्रे लाइन (द्वारका काकरोला-धंसा बस स्टैंड) पर मेट्रो सेवाएं, जो आम तौर पर रविवार को सुबह 7 बजे शुरू होती हैं, एक घंटे पहले यानी सुबह 6 बजे टर्मिनल स्टेशनों से शुरू हो जाएंगी।
कॉर्पोरेशन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वह अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं और आगे की जानकारी के लिए डीएमआरसी की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल देखते रहें।
इससे पहले 30 अक्टूबर को डीएमआरसी ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर 2026' कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाएं आधी रात तक बढ़ा दी थीं।
इस बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण 'कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट' (सीएक्यूएम) ने शुक्रवार को दिल्ली और पूरे एनसीआर में 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (ग्रैप) के तीसरे चरण (स्टेज-III) को लागू कर दिया है।
यह घोषणा दीपावली से दो दिन पहले की गई है। शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 382 तक पहुंच गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
आमतौर पर ग्रैप-III तब लागू किया जाता है जब हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' हो जाती है और एक्यूआई 400 तक पहुंच जाता है, लेकिन प्रदूषण बोर्ड ने एहतियात के तौर पर इसे पहले ही लागू कर दिया है।













