बड़ा मलहरा। क्षेत्र के सेंधपा चौकी अंतर्गत एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। महज 2 साल की बच्ची भीड़ के पैरों तले दबकर मौत का शिकार हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहिरवार परिवार की करीब 2 वर्षीय बच्ची घर में अस्वस्थ होने के कारण सो रही थी। इसी दौरान गांव में पड़ोसी भगुंता अहिरवार के यहां विवाह समारोह चल रहा था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोशित 50-60 लोगों की भीड़ फरियादी के घर पहुंच गई और गाली-गलौज करने लगी।
परिजनों द्वारा बार-बार यह बताने के बावजूद कि घर के अंदर एक छोटी बच्ची सो रही है, भीड़ नहीं मानी और जबरन घर में घुस गई। अंधेरा होने के कारण अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान लोगों ने बच्ची को देखे बिना कुचल दिया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति का पैर बच्ची की गर्दन पर पड़ गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं बड़ा मलहरा थाना प्रभारी शिशिर तिवारी के अनुसार, बच्ची को इलाज के लिए ग्वालियर ले जाने की बात सामने आई है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

