बागेश्वर धाम,रोहित पाठक। आज बागेश्वर धाम में बागेश्वर बालाजी कैंसर इंस्टीट्यूट रिसर्च सेंटर हॉस्पिटल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया। यह महत्वपूर्ण कैंसर अस्पताल भारत की प्रतिष्ठित कंपनी एस्सार ग्रुप द्वारा बनाया जाएगा। निर्माण की शुरुआत के अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर प्रशांत रुइया अपनी पूरी टीम के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे।


प्रशांत रुइया एवं उनकी टीम ने सबसे पहले बागेश्वर बालाजी भगवान एवं सन्यासी बाबा के चरणों में माथा टेका तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। भगवान के दर्शन के पश्चात उन्होंने पूज्य महाराज जी से भेंट की और इस पुनीत कार्य की शुरुआत के लिए उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद निर्माण पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ और औपचारिक रूप से अस्पताल के निर्माण कार्य की नींव रख दी गई।


अनुमान के अनुसार यह अस्पताल 14 से 16 महीनों के भीतर पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद बुंदेलखंड क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश के लाखों गरीब एवं असहाय लोगों को उन्नत कैंसर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह अस्पताल क्षेत्र में कैंसर जैसी घातक बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।


निर्माण पूजन कार्यक्रम में बागेश्वर महाराज सहित कई सिद्ध संत, एस्सार ग्रुप के डायरेक्टर प्रशांत रुइया एवं उनकी टीम, जेकेएस के डायरेक्टर पवन आहलूबालिया तथा बागेश्वर धाम पहुंचे बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने इस नेक कार्य की सफलता एवं शीघ्र पूर्णता की कामना की।