चन्दला, जीतेन्द्र तिवारी। चन्दला थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। कमल के फूल तोड़ने के चक्कर में 11 वर्षीय बालिका रजनी तालाब में डूब गई। घटना में उसके तीन छोटे भाई-बहन बाल-बाल बचे, लेकिन रजनी को बचाया नहीं जा सका। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
रजनी ग्वाला भाट निवासी रामकरण राजपूत की बेटी थी। जानकारी के अनुसार, रजनी आज दोपहर करीब 12 बजे अपने छोटे भाई-बहनों के साथ गांव के पास स्थित तालाब पर मवेशियों को पानी पिलाने गई थी। तालाब में खिले कमल के फूल देखकर बच्ची मंत्रमुग्ध हो गई और उन्हें तोड़ने की लालच में पानी में उतर गई।
अचानक गहरे गड्ढे और दलदल में फंसकर रजनी डूबने लगी। उसके शोर पर ग्रामीणों ने दौड़कर बाकी तीन बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रजनी पूरी तरह पानी में समा चुकी थी।
ग्रामीणों ने तुरंत 112 पर सूचना दी। 112 टीम की मदद से रजनी को तालाब से निकाला गया और उसे चन्दला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

