सागर, जीशान खान। सागर जिले के शाहपुर इलाके में शनिवार सुबह सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नीरज प्रजापति के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक नीरज प्रजापति अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा लाइट का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो वाहन से आए 10 से 12 लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। घायल सूरज अहिरवार ने अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।


शनिवार सुबह नीरज अर्धनग्न हालत में बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे पड़े मिले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति ने बताया कि नीरज घर से सामान लेने निकले थे और मोबाइल भी घर पर छोड़ गए थे। परिवार पूरी रात उनकी तलाश करता रहा, लेकिन सुबह पुलिस से मौत की सूचना मिली।


घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।