मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। शहर के अंबा बाईपास स्थित हरविलास पैलेस के बाहर सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने से इनकार कर दिया, जिससे जिला अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, होलापुरा निवासी कृष्णा पुत्र सुल्तान सिंह गुर्जर सोमवार रात अंबा बाईपास स्थित हरविलास पैलेस में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन हमलावरों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से कृष्णा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें




अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
वारदात के बाद मौके पर मौजूद कृष्णा के साथी उसे आनन-फानन में रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
परिजनों के इनकार से बढ़ा तनाव
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने शव को पीएम हाउस ले जाने से मना कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने, पुरानी रंजिश के कारणों का पता लगाने और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।









