मैहर, सजल कुमार रजक। उत्तर प्रदेश के चर्चित नेता, जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने मंगलवार को मैहर पहुंचकर त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राजा भैया ने सनातन धर्म पर मुखरता से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में रहने वाले हर हिंदू को खुलकर सनातन के पक्ष में बोलना चाहिए। यदि कोई सनातन का अपमान करता है, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।
उन्होंने हाल ही में संपन्न हुई कथा को लेकर उठ रहे विवादों पर भी प्रतिक्रिया दी। राजा भैया ने कहा कि मां की कृपा से इतना बड़ा धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। यह कथा कुछ लोगों को खल रही है, इसलिए इसे जातिवाद का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चित्रकूट में कामदगिरि की परिक्रमा पूरी करने के बाद वे सीधे मां शारदा के दरबार में हाजिरी लगाने आए हैं।
















