मैहर, सजल कुमार रजक। मां शारदा के दर्शन करने और अपना जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची जबलपुर की एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना देवीजी रोड स्थित आस्था लॉज की है। युवती की अचानक हुई इस मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवती अपनी सगी बहन और कुछ अन्य साथियों के साथ रविवार तड़के करीब तीन बजे मैहर पहुंची थी और सभी यात्री निवास के अलग-अलग कमरों में ठहरे थे। इसी दौरान अचानक युवती की तबीयत बिगड़ गई। घबराए साथी उसे आनन-फानन में मैहर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की पुष्टि होते ही साथ आए युवक और युवतियां शव को बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे। हालांकि, चिकित्सकों ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस की मौजूदगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शव सौंपने से साफ इनकार कर दिया।
मामले की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के माता-पिता भी मैहर पहुंच गए हैं। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) से मौत होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक और चिकित्सकीय पुष्टि होना अभी बाकी है।
इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो युवक अचेत हालत में युवती को गोद में उठाकर बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कमरे के भीतर असल में क्या हुआ था, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। मैहर पुलिस लॉज में ठहरने के रिकॉर्ड खंगाल रही है और साथ आए सभी लोगों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
















