पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ थाना पुलिस ने एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर उपभोक्ताओं के खातों से रकम उड़ाने वाले चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम मशीन की कैश स्लॉट में कृत्रिम प्लेट लगाकर नकदी निकाल लेते थे और लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगने देते थे।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अजयगढ़ के बुद्धू चौराहा स्थित एक एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर एक उपभोक्ता के खाते से 8,000 रुपये निकाल लिए थे। पीड़ित उपभोक्ता की शिकायत पर अजयगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। पन्ना पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जांच पड़ताल के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज की।

तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और नकदी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी एटीएम मशीनों से रकम उड़ाने की बात स्वीकार की है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सराहना की है।