पटना। स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की छठ पूजा और बिहार की विवाहित महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राज्य महिला प्रवक्ता सोनम पासवान ने भी कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने आरोप लगाया कि यश माहेश्वरी ने सिर्फ कॉमेडी करने, व्यूज बढ़ाने और अपने दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए बिहार की महिलाओं और उनकी परंपराओं को निशाना बनाया। उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए बिहार की संस्कृति और महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया।
सोनम पासवान ने यश माहेश्वरी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बिहार की महिलाओं के लिए जिस तरह से उन्होंने शब्दों का इस्तेमाल किया है, मैं वह शब्द बोल भी नहीं सकती। उन्होंने सिर्फ कॉमेडी करने के लिए, अपने व्यूज बढ़ाने के लिए, अपने दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए ऐसी घटिया हरकत की है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) की प्रवक्ता होने के नाते और बिहार की बेटी होने के नाते मैं इसका विरोध करती हूँ। हमारे बिहार, हमारी संस्कृति और हमारी परंपराओं के सम्मान को लेकर हम सभी बिहार की महिलाओं को बहुत दुख हुआ है।”
दरअसल, यश माहेश्वरी का एक स्टैंड-अप कॉमेडी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो उनके 'मॉरली क्वेश्चनेबल' नाम के कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसे उनके यूट्यूब चैनल 'ऑलमोस्ट यश' पर भी अपलोड किया गया था। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर बिहार की महिलाओं के छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने के तरीके पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा, उन पर बिहार में महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा और हमलों को लेकर मजाक करने का भी आरोप है।
यह वीडियो वायरल होने के बाद बिहार समेत देश के दूसरे हिस्सों में भी विरोध शुरू हो गया। लोगों ने इसे छठ पूजा और बिहार की महिलाओं की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने के बाद पटना साइबर पुलिस ने यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। वहीं, दिल्ली के साकेत थाने में भी यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की खबर सामने आई। यह शिकायत निलोत्पल मृणाल की ओर से की गई थी। इसमें कॉमेडियन के साथ कार्यक्रम के आयोजकों और 'हाइडआउट कॉमेडी क्लब' के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई। दिल्ली पुलिस कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर मौजूद डिजिटल कंटेंट की जांच कर रही है।
लगातार बढ़ते विरोध के बीच यश माहेश्वरी ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की संस्कृति को लेकर उनसे गलत बातें हुईं और अगर उनकी टिप्पणियों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने सफाई दी कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने वायरल वीडियो इंटरनेट से हटाए और यूट्यूब टीम को भी वीडियो हटाने के लिए अनुरोध भेजा था।

















