दमोह, राजेंद्र तिवारी। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरौधा में हुई रमेश रैकवार की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपी दामाद को बटियागढ़ थाना पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
बक्सवाहा बस स्टैंड से हत्थे चढ़ा आरोपी
मामले का खुलासा करते हुए बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि 7 सितंबर को हुई इस हत्या के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा दे रहा था: आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बक्सवाहा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपी रामप्रसाद उर्फ गोठल रैकवार (निवासी लिडई बम्होरी) को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के पश्चात पुलिस द्वारा आरोपी का स्वास्थ्य व मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




