छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कथित पुलिस प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया है और उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक गौरिहार थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि युवक को लगातार पुलिस द्वारा परेशान किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की प्रताड़ना ने ही युवक की जान ली है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर एक नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज में हेरफेर का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फुटेज के लगभग 3 मिनट गायब किए गए हैं, जिससे घटना की सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर परिजन और स्थानीय लोग पिछले 2 घंटे से सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उचित मुआवजे के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीओपी नवीन दुबे, तहसीलदार सहित कई थाना प्रभारियों की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन लगातार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और परिजनों को न्याय कब तक मिल पाता है।

