टीकमगढ़, मोहम्मद मोहसिन। जिले के दिगौड़ा कस्बे में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा के दौरान उत्पात मचाने, गाली-गलौच करने और कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला है। आरोपियों पर कस्बे के मुख्य बाजार में एक वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सरपंच के गैराज में खड़ी आई-10 कार को पेट्रोल डालकर जलाने का भी आरोप है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि यादव (28) पिता कृष्ण प्रताप यादव निवासी टुडयन खिरक खरोई और शिवम (18) पिता रतन यादव निवासी विघा, दोनों थाना दिगौड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दिगौड़ा-लिधौरा सड़क मार्ग स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दिगौड़ा में परीक्षा के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौच कर उत्पात मचाया। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने के साथ ही प्राचार्य और शिक्षकों को धमकाने के आरोप लगे। इसके अलावा मुख्य बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सरपंच के गैराज में खड़ी आई-10 कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी।

कार्रवाई करते हुए दिगौड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और किले के मैदान से मंडी प्रांगण तक उनका जुलूस निकाला। इस दौरान दोनों आरोपी 'गुंडागर्दी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है' कहते हुए चलते दिखे। पुलिस के अनुसार रवि यादव के खिलाफ दिगौड़ा सहित जिले के अन्य थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पुलिस की इस कार्रवाई और जुलूस की कस्बे में चर्चा हो रही है।