मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह डंग सिविल हॉस्पिटल के लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से भावुक नजर आए। समारोह में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने राजनीति में आने के अपने उद्देश्य और कार्यशैली को लेकर बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंच से संबोधित करते हुए विधायक डंग ने कहा कि वे दिल से बोल रहे हैं कि हरदीप सिंह डंग सिर्फ पद पर बैठने के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि जन्म मिला है तो कुछ नाम करके जाना है और राजनीति में आने का उनका उद्देश्य भी यही रहा है।
आरोप-प्रत्यारोप और आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने कहा कि वे किसी को जवाब नहीं देते हैं, क्योंकि उन्हें खुद पर भरोसा है कि वे कोई गलत काम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इज्जत बनाने में सालों लग जाते हैं, लेकिन बिगड़ने में एक पल भी नहीं लगता। डंग ने कहा कि चाहे गाली दी जाए या कितने भी आरोप लगाए जाएं, उन्होंने हर काम ईमानदारी, नेकी और साफ नियत से किया है।
लोकार्पण समारोह में विधायक हरदीप सिंह डंग के इन भावुक और बेबाक बोलों का वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और सुर्खियां बटोर रहा है।













