पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धाम मोहल्ले स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर दबिश दी और मौके से 6 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में स्थानीय भाजपा नेता और पार्षद पति अल्पेश शर्मा भी शामिल हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल ₹83,500 नकद और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। एफआईआर (FIR) की प्रति सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
मुखबिर की सूचना पर मकान की घेराबंदी; भाजपा नेता के पास से मिले ₹15 हजार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार (12 नवंबर) को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि धाम मोहल्ले में मनोज शर्मा के मकान की दूसरी मंजिल पर कुछ लोग रुपए लगाकर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई।
ये भी पढ़ें




किससे कितनी राशि हुई बरामद:
- अल्पेश शर्मा (48): पास से ₹15,000 और जुए के फड़ से ₹12,000 जब्त।
- मनोज शर्मा (53): पास से ₹12,000 और फड़ से ₹9,000 बरामद।
- नितेश शर्मा (33): पास से ₹8,000 और फड़ से ₹4,000 जब्त।
- विजय: पास से ₹5,500 और फड़ से ₹3,000 मिले।
- मोहित शर्मा (35, निवासी पुराना पन्ना): पास से ₹3,500 और फड़ से ₹4,500 जब्त।
- लोकेश शर्मा (44, निवासी धाम मोहल्ला): पास से ₹4,000 और फड़ से ₹3,000 बरामद।
इस प्रकार पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से कुल ₹83,500 जब्त किए हैं।
एफआईआर में भाजपा पदों का उल्लेख होने से गरमाई सियासत; कांग्रेस ने कसा तंज
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। चूंकि इस अपराध में सात साल से कम सजा का प्रावधान है, इसलिए पुलिस ने सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया और न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद कर मौके से जाने दिया। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में आरोपी अल्पेश शर्मा को पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य और पार्षद पति के रूप में उल्लिखित किया गया है। एफआईआर की कॉपी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शहर की राजनीति गरमा गई। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसा और पोस्ट में लिखा— जुआरी कहां मिलेंगे, बीजेपी के दफ्तर में।












