ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले अंतर्गत महाराजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पदमपुर खेरिया में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद ने एक बार फिर खूनी और वीभत्स रूप ले लिया। सुबह करीब 10:30 बजे पारिवारिक जमीन में से रास्ता देने के विवाद को लेकर हुई अंधाधुंध फायरिंग में पिता और पुत्र की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान कमलेश लोधी और उनके बेटे अमित लोधी के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है।

महाराजपुरा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कमलेश लोधी का अपने ही सगे भाई राजकुमार लोधी के साथ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। परिवार के पास कुल 15 बीघा कृषि भूमि है, जिसका अभी तक विधिवत बंटवारा नहीं हुआ है। इस भूमि में से करीब 5 बीघा जमीन पर कमलेश लोधी का कब्जा था और वे उस पर खेती कर रहे थे। आरोपी राजकुमार लोधी और उसका पक्ष इसी 5 बीघा जमीन के बीच से रास्ता मांग रहा था, जिसे लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर तनातनी बनी रहती थी।


बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच यह रंजिश पुरानी है और करीब चार महीने पहले भी इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में गोलीबारी की घटना हो चुकी थी। शुक्रवार सुबह एक बार फिर रास्ते की बात को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार लोधी पक्ष ने हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर करीब 9 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस अंधाधुंध गोलीबारी में कमलेश लोधी और उनके बेटे अमित लोधी को दो-दो गोलियां जा लगीं, जिससे दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजकुमार लोधी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और घटनास्थल से कारतूस के खोखे व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। गांव में व्याप्त तनाव और किसी भी संभावित जवाबी हिंसा की आशंका को देखते हुए पदमपुर खेरिया गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं फरार मुख्य आरोपी राजकुमार लोधी और अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।