टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में अवैध रेत परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार को पुराने बस स्टैंड के पास कार्रवाई की। इस दौरान रेत से भरे दो ओवरलोड डंपरों को पकड़कर देहात थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनिज विभाग केवल बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों पर शिकंजा कस रहा है, जबकि जिले के भीतर धड़ल्ले से चल रहे अवैध वाहनों पर केवल औपचारिकता पूरी की जाती है।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन और क्षमता से अधिक माल ढोने (ओवरलोडिंग) की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर पुराने बस स्टैंड के पास कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान रेत का परिवहन कर रहे दोनों डंपरों को रोककर उनके कागजात और वजन की जांच की गई।
चालकों ने पेश की वैध रॉयल्टी पर्ची
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों और मालिकों ने विभाग के सामने अपनी वैध रॉयल्टी स्लिप पेश की। उनका दावा था कि उनके पास रेत परिवहन से जुड़े सभी दस्तावेज और निर्धारित समय-सीमा के भीतर की वैध रॉयल्टी मौजूद है, इसलिए यह कार्रवाई पूरी तरह अनुचित है।
ओवरलोडिंग को लेकर फंसा पेंच
दूसरी ओर, खनिज विभाग का कहना है कि भले ही वाहन चालकों के पास रॉयल्टी पर्ची मौजूद हो, लेकिन प्रथम दृष्टया डंपरों में क्षमता से अधिक रेत भरी हुई पाई गई है। विभाग के अनुसार, वैध रॉयल्टी होने के बावजूद निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोना नियमों का खुला उल्लंघन है। इसी आधार पर वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















