छतरपुर। दीपावली के महापर्व पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों की मजबूरी का निजी बस संचालक जमकर फायदा उठा रहे हैं। छतरपुर से इंदौर सहित अन्य प्रमुख रूटों पर चलने वाली निजी बसों में मनमाना किराया वसूला जा रहा है। सामान्य दिनों में जहां नॉन-एसी बस का किराया 600 और एसी बस का किराया 700 के आसपास रहता है, वहीं त्योहार के नाम पर अब यात्रियों की जेब पर सीधा डाका डालते हुए 1,200 से लेकर 2,000 तक वसूले जा रहे हैं। इस गंभीर जनसमस्या पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी ने यात्रियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।
ताजा आंकड़ों और ऑनलाइन बस बुकिंग प्लेटफॉर्म के स्क्रीनशॉट्स इस लूट की साफ तस्दीक कर रहे हैं। छतरपुर से इंदौर जाने वाली नॉन-एसी बसों के किराए में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की गई है, जहां राय बस सर्विस में नॉन-एसी सीट व स्लीपर का किराया 1,200, न्यू गोल्डन ट्रैवल्स में 1,099 और खुशबू ट्रैवल्स सागर में 1,000 तक वसूला जा रहा है। एसी बसों में तो दाम और भी आसमान छू रहे हैं, जिसमें जटाशंकर ट्रैवल्स खजुराहो की एसी स्लीपर बस में सामान्य सीट 1,800 और सिंगल बर्थ 2,000 तक पहुंच गई है। इसके अलावा न्यू गोल्डन ट्रैवल्स में 1,599 से 1,899, खुशबू ट्रैवल्स में 1,500 और चार्टर्ड बस - सूत्र सेवा में भी 1,400 तक किराया लिया जा रहा है। त्योहारी सीजन में आम जनता की जेब खुलेआम कट रही है, लेकिन जिला कलेक्टर, स्थानीय विधायक और नगर पालिका प्रशासन इस पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं। यात्रियों का कहना है कि एक तरफ सरकार आम आदमी को राहत देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ बस ऑपरेटर हवाई यात्रा के बराबर किराया वसूल रहे हैं और उन पर कोई लगाम लगाने वाला नहीं है। इसके साथ ही, अधिक मुनाफे के चक्कर में बसों के भीतर अतिरिक्त सीटें लगाकर इमरजेंसी गेट बंद करने जैसी गंभीर सुरक्षा अनदेखी भी सामने आ रही है।
ये भी पढ़ें




जब इस गंभीर मुद्दे और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर आरटीओ मधू सिंह से बात की गई, तो उन्होंने रटा-रटाया जवाब देते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। मनमाने किराए के सवाल पर आरटीओ ने कहा कि वे नियमित रूप से इंटरस्टेट और अन्य बस मालिकों की बैठक लेकर उन्हें शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही किराया लेने के निर्देश देते हैं, और यदि किसी के द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की शिकायत या प्रमाण मिलता है, तो जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीटें बढ़ाने के लिए इमरजेंसी गेट बंद करने के मामले पर उन्होंने दावा किया कि विभाग इस पर नियमित कार्रवाई करता है। आरटीओ के अनुसार, हाल ही में चेकिंग के दौरान कई बसों की अतिरिक्त सीटें कटवाई और हटवाई गई हैं, साथ ही चालानी कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य सुरक्षा उपायों की भी नियमित जांच की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, आरटीओ के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर साफ नजर आ रहा है। यात्रियों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि केवल बैठकों और औपचारिकताओं के बजाय तत्काल बस स्टैंड और ऑनलाइन पोर्टल्स की जांच कर मनमाना किराया वसूलने वाले संचालकों के परमिट रद्द किए जाएं, ताकि आम जनता राहत की सांस ले सके।













