पन्ना। पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी जमीनी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ग्राम पंचायत धरवारा, छिजौरा और कुलगवाँ मड़ैयन में भव्य 'आजीविका दीदी एवं लाडली बहना सम्मेलन' का आयोजन किया गया। गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
महिलाओं से किया सीधा संवाद, मौके पर ही चिन्हित हुईं समस्याएं
सम्मेलन के दौरान विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों और लाडली बहनों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं द्वारा रखी गई व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं और मांगों को पूरी गंभीरता से सुना। जनसंवाद में सामने आई समस्याओं को मौके पर ही सूचीबद्ध करते हुए विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ इनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
ये भी पढ़ें




लाडली लक्ष्मी प्रमाण पत्र और किसानों को बांटे गए बीज मिनी किट
कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही प्रदान किया गया। इसके तहत विधायक डॉ. वर्मा ने पात्र बालिकाओं के अभिभावकों को लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, क्षेत्र में उन्नत और लाभकारी खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थानीय किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के मिनी किट भेंट किए गए। इस अवसर पर तहसील स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों सहित ग्राम पंचायत के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।















