कोलकाता। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास के बाहर फुटपाथ पर किए गए निर्माण को बुलडोजर से हटाए जाने के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता रिताब्रत बनर्जी ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में सार्वजनिक संपत्तियों पर निजी कब्जे की मानसिकता बढ़ी और फुटपाथ तक को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल किया जाने लगा। लेकिन, अब निर्माण हटाए जाने के बाद स्थानीय लोग खुश हैं और जश्न मना रहे हैं।

रिताब्रत बनर्जी ने कहा कि वह संबंधित जगह से लंबे समय से परिचित हैं। 1998 से 2005 तक, बारहवीं की परीक्षा के बाद, वह राजनीतिक गतिविधियों के लिए नियमित रूप से वहां जाते थे। उस समय उन्हें वहां इस तरह का निर्माण या दुर्ग जैसी व्यवस्था दिखाई नहीं देती थी। 2011 के बाद अचानक उस जगह की स्थिति बदल गई और वहां एक तरह का किला बना दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या फुटपाथ किसी की निजी संपत्ति है? ममता बनर्जी के शासनकाल में हर चीज पर निजी स्वामित्व जताने की मानसिकता विकसित हुई। इसी सोच के चलते सार्वजनिक फुटपाथ पर भी कब्जा कर लिया गया। फुटपाथ पर गेट बना दिए जाने की बात सामने आई।

विपक्ष के नेता ने दावा किया कि निर्माण हटाए जाने के बाद स्थानीय लोग प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के आम लोग इस कार्रवाई से खुश हैं और प्रशासन को बधाई दे रहे हैं। टीएमसी के नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, फेसबुक लाइव और एक्स पोस्ट करते हैं, लेकिन अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाने से बचते हैं। ऐसे नेताओं के बयानों का अब कोई महत्व नहीं रह गया है।

अभिषेक बनर्जी की ओर से चुनाव आयोग को शिकायत पत्र देकर अपने आवास की सुरक्षा और संभावित हमले की आशंका जताए जाने पर भी रिताब्रत बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 2021 की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अभिषेक बनर्जी ने कथित तौर पर कहा था कि उन्हें सुरक्षा की जरूरत नहीं है और जनता उनकी रक्षा करेगी। रिताब्रत ने सवाल उठाया कि यदि जनता उनके साथ है, तो वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में क्यों नहीं जा पा रहे हैं? मई से अक्टूबर तक छह महीने बीत चुके हैं और एक निर्वाचित प्रतिनिधि अपने क्षेत्र में जाने में सक्षम नहीं है।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि अभिषेक बनर्जी संयुक्त राष्ट्र महासचिव को भी पत्र लिखेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि ऐसा कोई पत्र भेजा गया है या नहीं। उन्होंने कहा कि अभिषेक जहां शिकायत करना चाहें, कर सकते हैं। अभिषेक बनर्जी और टीएमसी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा कि उनकी राजनीतिक स्थिति बंगाल की जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है।