सतना, सजल कुमार रजक। सतना के धवारी स्टेडियम का नामकरण इन दिनों राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। महापौर योगेश ताम्रकार द्वारा स्टेडियम का नाम अपने पिता स्वर्गीय शंकर प्रसाद के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव को पारित किए जाने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया है। इस फैसले के विरोध में विभिन्न संगठन मुखर हो गए हैं।
रॉयल राजपूत संगठन और सर्व समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि स्टेडियम का नामकरण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर किया जाए। अपनी मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के मुख्य गेट पर बैठकर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी झूमाझटकी भी देखने को मिली। हंगामे की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम राहुल सिलाडिया और सीएसपी मनीष त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
धवारी स्टेडियम के नामकरण को लेकर उपजा यह विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों और खेल परिसरों के नाम ऐसे महापुरुषों या जननेताओं के नाम पर होने चाहिए जिनका योगदान पूरे प्रदेश या देश के लिए ऐतिहासिक रहा हो। इस मामले में स्थानीय प्रशासन और नगर निगम प्रबंधन पर उचित निर्णय लेने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

















