इंदौर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ, अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' और इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाके की धमकी मिलने का मामला अब और उलझता जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के कानपुर से पकड़े गए एक शातिर साइबर अपराधी से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जिसने क्रिप्टो करंसी के बदले आतंकी संगठनों को फर्जी ई-मेल आईडी बेची थीं। मप्र एटीएस (ATS) और ग्वालियर पुलिस अब इस मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए आरोपी से पूछताछ करने उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी कर रही है।


कानपुर से पकड़ा गया फर्जी ई-मेल सप्लायर; क्रिप्टो करंसी के बदले बांग्लादेशी नागरिक को बेची थी आईडी

उत्तर प्रदेश एटीएस ने कानपुर के सकरापुर देहली सुजानपुर से अंकित शंखवार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। महज 12वीं तक पढ़े अंकित ने 2021 से वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क के जरिए करीब 5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी बनाने का दावा किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए बांग्लादेशी नागरिक अलामिन इस्लाम के संपर्क में आया था। अंकित ने उसे 6 हजार यूएसटीडी (क्रिप्टो करंसी) के बदले दो फर्जी ई-मेल आईडी बेची थीं। इन्हीं आईडी का इस्तेमाल खालिस्तान नेशनल आर्मी, बब्बर खालसा और विदेशों से ऑपरेट हो रहे देशविरोधी संगठनों द्वारा धमकियां भेजने के लिए किया गया। उसके फोन और लैपटॉप से पाकिस्तान, बांग्लादेश, इजिप्ट, तुर्की और यूएसए के मोबाइल नंबरों का ब्योरा भी मिला है।


पंजाबी भाषा में दी गई थीं धमकियां; ग्वालियर पुलिस और मप्र एटीएस जाएगी यूपी

हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ को पंजाबी भाषा में धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था। ई-मेल के जरिए 6 नवंबर को हाईकोर्ट की आईडी पर खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम लेकर 'काली दिवाली' मनाने, 8 नवंबर को अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' सहित प्रमुख मंदिरों में तथा 15 नवंबर को इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इससे पहले अक्टूबर में इन्हीं बेची गई आईडी से नोएडा के स्कूलों में भी धमकी दी गई थी। ग्वालियर के प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि यूपी एटीएस द्वारा की गई गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना मिलते ही मप्र एटीएस के साथ ग्वालियर पुलिस की टीम आरोपी से पूछताछ करने उत्तर प्रदेश जाएगी। दूसरी ओर, दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने देवास से एक निजी कंपनी के कर्मचारी निखिल गुप्ता को हिरासत में लिया था। जांच में सामने आया कि निखिल की ई-मेल आईडी अप्रैल में ही हैक हो गई थी और उसने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसका बयान दर्ज करने के बाद उसे छोड़ दिया है।