छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सामाजिक और धार्मिक सहभागिता के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। सरानी दरवाजा बाहर स्थित सिद्धपीठ श्री महालक्ष्मी मंदिर में गुरुवार को एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के विशेषज्ञों द्वारा कुल 101 मरीजों की आँखों की जाँच की गई, जिनमें से मोतियाबिंद से पीड़ित 12 मरीजों को ऑपरेशन के लिए निःशुल्क चित्रकूट रवाना किया गया।


101 मरीजों की आँखों की जांच; दवाएं, चश्मे और भोजन की मिली सुविधा

यह निःशुल्क नेत्र शिविर लाड़कुवर अग्रवाल एवं छोटे लाल सर्राफ की स्मृति में, न्यू अलंकार ज्वेलर्स एवं मंगल आभूषण परिवार के सहयोग से आयोजित किया गया। इसके संयोजन में अग्रसेन सेवाश्रम ट्रस्ट, नगर अग्रवाल समाज और नवयुवक मंडल की अहम भूमिका रही। शिविर के दौरान डॉक्टरों ने 101 मरीजों की आँखों की बारीकी से जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां और चश्मे वितरित किए। साथ ही मरीजों के रजिस्ट्रेशन से लेकर उनके भोजन और हरसंभव सहायता की व्यवस्था सहयोगियों द्वारा की गई।


मोतियाबिंद के 12 मरीज चिन्हित; निःशुल्क वाहन से चित्रकूट भेजे गए

जांच के दौरान जिन 12 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें शिविर के तुरंत बाद विशेष वाहन के जरिए ऑपरेशन के लिए सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट भेजा गया। इस सेवा कार्य में अशोक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, अजय अग्रवाल, पुष्पा देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, मधु अग्रवाल, आशीष अग्रवाल और शुभ अग्रवाल सहित परिवार के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। इसके अलावा अग्रसेन सेवाश्रम ट्रस्ट के सचिव उमाशंकर दाऊ, संरक्षक हरि प्रकाश अग्रवाल, प्रकाश चंद गुप्ता, गिरीश अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सौरभ सनी और नवयुवक मंडल के अभिषेक अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।