छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान ओरछा रोड थाना पुलिस ने ग्राम गौरगाय में घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। पिकअप में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड पाई गई है, जिसकी प्रारंभिक जांच में लगभग 300 पेटी होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरगाय पंचायत भवन के सामने दबोचा गया वाहन
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर ओरछा रोड थाना पुलिस की टीम ने ग्राम गौरगाय में त्वरित नाकेबंदी की। पंचायत भवन के सामने संदिग्ध अवस्था में खड़े पिकअप वाहन को जब पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली, तो उसके भीतर शराब की पेटियों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब से लदे पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे सीधे थाने ले आई।
पेटियों की गिनती और स्रोत की सघन पड़ताल जारी
थाना परिसर में लाकर पुलिस बल द्वारा शराब की पेटियों की विधिवत गिनती कराई जा रही है, जिसके बाद ही जब्त शराब की कुल मात्रा और बाजार मूल्य का सटीक आंकड़ा सामने आ सकेगा। इसके साथ ही पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस गंभीरता से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह इतनी बड़ी खेप कहां से लोड की गई थी और इसे किस ठिकाने या तस्कर गिरोह तक पहुंचाया जाना था। एसपी रजत सकलेचा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और तस्करी में संलिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में वाहन चालक और संबंधित तस्करों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

















