भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित करीब 50 साल पुराने जनता क्वार्टर में प्रशासन की प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई से पहले तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। प्रशासन द्वारा 14 नवंबर से इन क्वार्टरों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है, जिससे यहां दशकों से रह रहे परिवारों में बेघर होने का डर बैठ गया है। इसी दहशत के बीच गुरुवार को तीन महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई है।
जनता क्वार्टर के रहवासियों का कहना है कि वे पिछले 50 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं। उनके अनुसार, सभी मकान जर्जर नहीं हैं और जहां जरूरत है वहां प्रशासन तोड़फोड़ के बजाय मरम्मत करा सकता है। लोगों ने पीड़ा जताते हुए कहा कि एक तरफ कड़ाके की सर्दी शुरू हो रही है और दूसरी तरफ बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे समय में यदि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के मकान तोड़े गए, तो सैकड़ों परिवार बच्चों समेत सड़क पर आ जाएंगे।
पड़ोसियों के मुताबिक, कार्रवाई के डर से तीन महिलाओं ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया पहुंचाया गया। इस मामले में ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप सिंह पवार ने बताया कि तीनों महिलाओं की अस्पताल में एमएलसी दर्ज कर ली गई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
रहवासियों ने स्पष्ट किया है कि वे प्रशासनिक कार्रवाई के विरोधी नहीं हैं, लेकिन पहले उनके रहने की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि 14 नवंबर से पहले प्रशासन या तो उन्हें नए मकान आवंटित करे या फिर पुनर्वास का ठोस इंतजाम करे।













