छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ पिछले काफी दिनों से कुछ लोगों द्वारा अपनी सियासी जमीन तैयार करने के उद्देश्य से किए जा रहे कथित दुष्प्रचार और धाम पर ताला लगाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को छतरपुर जिले का माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इस चुनौती के विरोध में बागेश्वर महाराज के हजारों समर्थक और क्षेत्रीय ग्रामीण उग्र होकर सड़कों पर उतर आए हैं। छतरपुर शहर से लेकर गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम तक जगह-जगह ग्रामीणों और समर्थकों का भारी जमावड़ा लग गया है, जिससे जिले में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई है।
ये भी पढ़ें




धाम पर ताला डालने की चेतावनी से आक्रोशित समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों ने बृजपुरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर नारेबाजी की जा रही है।इसी बीच बजरंग सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बागेश्वर धाम के समर्थन में हाईवे ब्रिज के पास पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और समर्थकों ने यादव महासभा, दामोदर यादव व अन्य लोगों की चुनौती पर बेहद कड़ा रुख अपनाया। आक्रोशित ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि पिछले लंबे समय से कुछ तत्व अपनी राजनीति चमकाने के लिए बागेश्वर महाराज के विरुद्ध अनर्गल दुष्प्रचार कर रहे हैं, जबकि बागेश्वर महाराज पहले ही अपनी बात स्पष्ट कर चुके हैं। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति सच्ची श्रद्धा, आस्था और सनातन के सम्मान की भावना से धाम पर आता है, तो उसका हृदय से स्वागत है, लेकिन यदि कोई बागेश्वर धाम अथवा हिंदू धर्म को बांटने और उस पर राजनीति करने की मंशा से आएगा, तो क्षेत्र की जनता उसका पुरजोर विरोध करेगी। समर्थकों ने ललकारते हुए कहा कि धाम पर ताला डालना तो दूर, गलत इरादे से वहां तक पहुंच पाना भी संभव नहीं होगा।
इस संभावित टकराव और कानून-व्यवस्था की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए छतरपुर रेलवे स्टेशन से लेकर बागेश्वर धाम मार्ग के सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील बिंदुओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।















