भोपाल। मध्य प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने राजधानी भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए विभिन्न राजनीतिक और खेल से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी द्वारा सोनिया गांधी की किताब को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए गांधी-नेहरू परिवार पर तीखा निशाना साधा। मंत्री सारंग ने कहा कि देश की जनता सब जानती है और सोनिया गांधी द्वारा किताब लिखने का प्रयास परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने तथा राहुल गांधी को फिर से स्थापित करने की एक आखिरी नाकाम कोशिश है। इसके साथ ही उन्होंने भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिली वैश्विक मान्यता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भी सरकार का पक्ष रखा।
सोनिया गांधी की किताब और राहुल गांधी पर मंत्री विश्वास सारंग का तीखा प्रहार
मंत्री विश्वास सारंग ने प्रियंका गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रियंका कुछ भी कहें, लेकिन देश की जनता हकीकत जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी जिस मंसूबे से हिंदुस्तान आई थीं और प्रधानमंत्री की कुर्सी हथियाना चाहती थीं, वह पूरा नहीं हो सका। सारंग ने कहा कि सोनिया गांधी का पुत्र मोह अभी भी खत्म नहीं हो रहा है और वे चाहती हैं कि एक बार फिर प्रयास कर लिया जाए, लेकिन जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।
मंत्री सारंग ने आगे कहा कि कांग्रेस की इस नाकामी का मुख्य कारण यह है कि नेहरू परिवार की गलतियां अब जनता के सामने आ चुकी हैं, जिनकी वजह से देश को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। उनके अनुसार, सोनिया गांधी ने किताब लिखकर राहुल गांधी को आखिरी बार स्थापित करने की नाकाम कोशिश की है और यह किताब केवल नेहरू परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने का प्रयास है। सोनिया गांधी के कथित भावुक होने वाले संदर्भ पर तंज कसते हुए सारंग ने कहा कि वे कहती हैं कि उन्हें बाबरी मस्जिद गिरने पर रोना आ गया था, लेकिन कारसेवकों की मौत और सिख नरसंहार के समय उन्हें रोना नहीं आया।
ये भी पढ़ें
भोपाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को FIH से 'कैटेगरी-1' सर्टिफिकेट; हैदराबाद के बाद देश का दूसरा शहर
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेश के खेल विभाग की बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) द्वारा भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को 'कैटेगरी-1' का सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। इस प्रमाण पत्र के साथ ही मध्य प्रदेश और भोपाल दुनिया के हॉकी मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे देश में केवल दो ही शहर—पहला हैदराबाद और दूसरा भोपाल—इस श्रेणी में शामिल हैं। आगामी 19 नवंबर से इसी खेल परिसर में 'एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी' का आयोजन किया जा रहा है। सारंग ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में खेल, खिलाड़ियों और खेल मैदानों के उन्नयन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
फारूक अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया; 'यह पीएम मोदी की रीति-नीति का असर'
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के 'कश्मीर हिंदुस्तान का हिस्सा था, है और रहेगा' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार की नीतियों का प्रभाव बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की रीति-नीति ने यह स्थापित कर दिया है कि आज हर एक व्यक्ति देशभक्ति की बात कर रहा है। सारंग ने कहा कि अनुच्छेद 370 का हटना कश्मीर के विकास में नए आयाम स्थापित करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है और हर व्यक्ति को कश्मीर की उन्नति के लिए सकारात्मक भाव से विचार रखना चाहिए।













