छतरपुर, संतोष शिवहरे: जिले के नौगांव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती को कथित तौर पर जबरन जहरीला कीटनाशक खिलाकर पीटने का मामला प्रकाश में आया है। इस गंभीर घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं, क्योंकि परिजनों का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। न्याय की आस में पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे की है। उस समय पीड़ित परिवार का खेत पर मौजूद होना बताया गया है। आरोप है कि इसी दौरान चंद्रभान कुशवाहा और सुरेश कुशवाहा ने वहां पहुंचकर युवती दिशा कुशवाहा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। बात यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि आरोप है कि दोनों ने मिलकर युवती को जबरन कीटनाशक दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को नौगांव के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर उसे तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पीड़ित युवती का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।


घटना से आहत और डरे-सहमे पीड़ित पिता हरचरन कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि इस गंभीर घटना की लिखित शिकायत नौगांव थाने में दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अब तक न तो आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की है और न ही अस्पताल में भर्ती युवती के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस की इस सुस्त रवैये से नाराज होकर 13 नवंबर को पीड़ित पिता ने सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को आवेदन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़िता के बयान जल्द दर्ज करने और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।