झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप जैन आदित्य की मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली। टहरौली थाना क्षेत्र के बघेरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़प रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बिना देर किए अपना काफिला रुकवाया और घायल को एक लोडर में रखवाकर स्वयं उसमें बैठकर करीब 13 किलोमीटर दूर गुरसराय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी और झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
काफिला रोककर लोडर में बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री; 13 किलोमीटर तक घायल की करते रहे निगरानी
जानकारी के मुताबिक, गुरसराय के परकोटा मोहल्ले का रहने वाला छोटू कुशवाहा (22 वर्ष) टहरौली तहसील क्षेत्र में 'राधिका रेस्टोरेंट' का संचालन करता था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से अपनी मां से मिलने के लिए गुरसराय आ रहा था। जैसे ही वह टहरौली थाना क्षेत्र के बघेरा गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गया। संयोग से उसी समय पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क पर तड़पते युवक को देखते ही उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल छोटू को एक लोडर वाहन में लिटाया और खुद भी लोडर में सवार होकर करीब 13 किलोमीटर दूर गुरसराय अस्पताल तक उसकी निगरानी करते हुए पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम; घर का इकलौता कमाऊ सहारा था छोटू
मृतक के चचेरे भाई अशोक ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद वहां छोटू का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया, लेकिन हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छोटू की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, छोटू अविवाहित था और परिवार में दो भाई तथा बुजुर्ग माता-पिता हैं। पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। काम और रोजी-रोटी के सिलसिले में वह दीपावली के त्योहार पर भी घर नहीं जा पाया था और त्योहार के बाद शुक्रवार को मां से मिलने के लिए ही निकला था, लेकिन रास्ते में काल के क्रूर हाथों ने उसकी जिंदगी छीन ली।
















