भोपाल, जितेंद्र यादव। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और प्रशासनिक प्रणाली को लेकर राज्य व केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 'छात्रों की गूंज' और 'शिक्षा की सुरक्षा' अभियान की रूपरेखा रखते हुए उन्होंने सरकार के सामने आंकड़ों की झड़ी लगा दी।


शिक्षा के वैश्विक और राज्यस्तरीय आंकड़ों पर पटवारी के मुख्य आरोप

पटवारी ने कहा कि देश में युवा शिक्षा के अभाव और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वैश्विक शिक्षा सूचकांकों में 80वें स्थान पर रहते हुए देश को 'विश्व गुरु' या 'विकसित भारत' कैसे बनाया जा सकता है। देश में करीब 10 करोड़ युवा उच्च शिक्षा से बाहर हैं और 12 करोड़ बच्चे अपनी स्कूली शिक्षा पूरी नहीं कर पा रहे हैं। राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 49,000 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं और बच्चों का ड्रॉपआउट रेट 32 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है। उच्च शिक्षा के सरकारी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और प्रशासनिक अमले के 81 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। देश और प्रदेश में कुल 152 बार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।


2028 चुनाव को लेकर बड़ा चुनावी दांव

जीतू पटवारी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही किंडरगार्टन से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन (KG to PG) तक की पूरी शिक्षा मुफ़्त (फ्री) की जाएगी।


राहुल गांधी के दौरे के शुल्क विवाद और भाजपा पर तंज

राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) द्वारा शुल्क मांगे जाने पर पटवारी ने कहा, "हमसे अभी 10 लाख रुपये लिए गए हैं, भले ही 20 लाख या 10 करोड़ और ले लें, लेकिन छात्रों की आवाज नहीं दबेगी।" उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा या आरएसएस के हजारों आयोजनों से कभी इस तरह की फीस ली जाती है?मध्य प्रदेश आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रदेश में 'विकास का दीया' जलाने नहीं, बल्कि 'विनाश का दीया' जलाने आ रहे हैं।