नई दिल्ली। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भाजपा ने तंज कसा। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि दोनों दल आपस में यूं ही लड़ते रहेंगे। यूपी में फिर से एनडीए की सरकार बनना तय है। केंद्रीय राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि सपा-कांग्रेस चाहे जितनी कोशिशें कर लें लेकिन आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की ही सरकार बनेगी। जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी दौरे पर कहा था कि भाजपा सरकार पूरी तरह से मजबूत है और कोई इसे हिला नहीं सकता। विपक्ष चाहे कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि सपा के शासनकाल में राज्य में 'गुंडाराज' और 'जंगलराज' था। यूपी की जनता उस अराजकता को कभी वापस नहीं लाना चाहेगी।
भाजपा नेता पंकज सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेता ही इसे बेहतर ढंग से समझा सकते हैं। मैं बस इतना कह सकता हूं कि 2027 के चुनावों में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी। हमें इससे कोई मतलब नहीं है कि सपा और कांग्रेस क्या कर रही हैं, या वे गठबंधन करती हैं या नहीं। हमारा पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश के विकास पर है और इस बात पर है कि सरकार की नीतियां राज्य के हर व्यक्ति तक पहुंचे। हम चाहते हैं कि समाज एक साथ आगे बढ़े और एकजुट रहे जबकि सपा और कांग्रेस ने हमेशा अपने राजनीतिक फायदे के लिए समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटा है। भाजपा यूपी के जन-जन तक विकास पहुंचाना चाहती है, जीवन स्तर में सुधार लाना चाहती है। हमारी सरकार में महिलाओं और व्यापारियों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
भाजपा नेता प्रताप सिंह नागर ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक दिखावटी लड़ाई लड़ रही हैं और मुझे नहीं लगता कि इनका गठबंधन हो पाएगा। सहारनपुर में एक बैठक के दौरान जिला मजिस्ट्रेट के सामने ही इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे को अपशब्द कहे। कई बार तो उनकी बैठकें 14-15 मिनट में ही खत्म हो जाती हैं। इमरान मसूद ने यह भी कहा है कि समाजवादी पार्टी को उनका बढ़ता कद पसंद नहीं है और वे कोई भिखारी नहीं हैं जो उनसे सीटों की भीख मांगेंगे। कांग्रेस एक पुरानी और प्रमुख राष्ट्रीय पार्टी है और समाजवादी पार्टी जिस तरह से उनके साथ बर्ताव कर रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। ये मिलकर चुनाव कैसे लड़ेंगे? उन्होंने कहा कि 2014 से हम लगातार विपक्षी दलों को हरा रहे हैं और 2027 में भी हराएंगे।
शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि सीट बंटवारे का मामला समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच का है और मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहता। हालांकि, अगर आप ध्यान से देखें, तो 26 सीटें भी बहुत ज्यादा हैं जो सपा की ओर से दी जा रही है क्योंकि 403 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस के पास केवल दो विधायक हैं। इसलिए अखिलेश उन्हें जो भी देंगे, उन्हें वही लेना पड़ेगा। हालांकि, यूपी में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बन रही है क्योंकि योगी आदित्यनाथ पर लोगों को विश्वास है और उनका काम बोलता है।
















