भिंड। जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक नेतृत्व में बदलाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। वर्तमान जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया का दूसरा कार्यकाल आगामी जनवरी 2027 में पूर्ण होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही नए जिलाध्यक्ष के चेहरे को लेकर पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। संगठन में चल रही गुटीय खींचतान और विरोध की खबरों के बीच इस बार जातीय समीकरणों को साधने पर भी मंथन चलने की बात कही जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इस बार किसी क्षत्रिय या ब्राह्मण चेहरे को जिले की कमान सौंप सकती है, हालांकि संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी फिलहाल किसी भी तरह के बदलाव की संभावना से साफ इनकार कर रहे हैं।

दो बार कमान संभाल चुके हैं देवेंद्र सिंह नरवरिया, अब नए चेहरे पर कयास

देवेंद्र सिंह नरवरिया को पार्टी ने पहली बार अक्टूबर 2022 में भिंड भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इससे पूर्व वे मेहगांव कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। संगठन ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए जनवरी 2025 में उन्हें फिर से जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। अब उनके दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने से पहले ही नए नेतृत्व को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है।


क्षत्रिय और ब्राह्मण समीकरण के बीच कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में

नए जिलाध्यक्ष की दौड़ में जिले के कई वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं के नाम तेजी से उभर कर सामने आ रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं के अनुसार, दावेदारों की सूची में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवराज यादव, शैलेंद्र सिंह कुशवाह (अकोड़ा), प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे, लहार से रोमेश महंत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से जगदीश प्रसाद दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष धीर सिंह भदौरिया और गुरुदेव नरवरिया के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इनमें से किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर या सहमति नहीं बनी है।

अटकलों पर नरवरिया का दो-टूक जवाब, संभाग प्रभारी ने भी किया इनकार

जिलाध्यक्ष पद से हटाए जाने या बदलाव की चल रही चर्चाओं को वर्तमान जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है। अभी तो मुझे राजनीति में लंबा खेलना है, यह तो महज मेरी शुरुआत है।"

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के चंबल संभाग प्रभारी डॉ. अभय यादव ने भी इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि भिंड जिलाध्यक्ष को बदलने के संबंध में संगठन स्तर पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है और न ही ऐसा कोई विषय पार्टी के सामने आया है।