अमानगंज (पन्ना)। नगर के श्रीजी होटल व पैलेस में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की वारदात में फरार चल रहे आरोपी राजाजी को अमानगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने के उद्देश्य से आरोपी को गांधी चौक से रेस्ट हाउस तक पैदल घुमाया और इसके बाद न्यायालय में पेश किया। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व होटल संचालक एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ श्रीवास्तव के पिता सुरेंद्र श्रीवास्तव के साथ पांच आरोपियों ने मारपीट करते हुए होटल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की थी।


अमानगंज थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे प्रकरण में कुल पांच आरोपी नामजद थे, जिनमें से तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने 24 नवंबर को फरार आरोपी राजाजी को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया और बुधवार, 25 नवंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया। थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले का एक अन्य फरार आरोपी आकाश भारमुजा अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।