बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और खरगोन जिलों के ग्रामीण मजदूरों को गन्ना कटाई में अच्छी कमाई का लालच देकर महाराष्ट्र ले जाने और वहां बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुरहानपुर जिले की शाहपुर थाना पुलिस ने स्थानीय और महाराष्ट्र प्रशासन के सहयोग से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के धाराशिव (उस्मानाबाद) जिले से बुरहानपुर के 10 और खरगोन जिले के 8 मजदूरों सहित उनके बच्चों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। सभी मुक्त कराए गए मजदूरों को सुरक्षित उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।


अहमदनगर के बहाने ले जाकर धाराशिव में दूसरे ठेकेदार के हवाले किया

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर जिले के थाना शाहपुर अंतर्गत ग्राम सांभरपुरा निवासी संजय पिता मोहनलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब दो महीने पहले ग्राम खामनी (तहसील शाहपुर) निवासी ठेकेदार जय सिंह बरेला उनके गांव के 10 मजदूरों (5 महिला और 5 पुरुष) को गन्ना कटाई के काम का झांसा देकर महाराष्ट्र के अहमदनगर ले गया था। वहां पहुंचने के बाद जय सिंह बरेला ने सभी मजदूरों को 'नागेश्वर' नामक एक अन्य ठेकेदार के सुपुर्द कर दिया और स्वयं वापस बुरहानपुर लौट आया। मजदूरों से करीब एक महीने तक अहमदनगर में गन्ना कटाई कराई गई और इसके बाद उन्हें धाराशिव जिले के परंडा इलाके स्थित ग्राम सोनारी ले जाकर काम पर लगा दिया गया।



मजदूरी मांगने पर की मारपीट, मोबाइल फोन छीनकर बनाया बंधक

पीड़ितों के अनुसार, वहां मजदूरों को अलग-अलग खेतों में ले जाकर काम कराया जा रहा था और उन्हें पेट भरने के लिए पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। लगातार दो महीने तक कठिन श्रम करने के बाद जब मजदूरों ने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे, तो ठेकेदार ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया। मजदूरों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर ठेकेदार और उसके गुर्गों ने उनके साथ गाली-गलौज व बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने मजदूरों के पास मौजूद मोबाइल फोन भी छीन लिए, ताकि वे अपने परिजनों या पुलिस से संपर्क न कर सकें, और उनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन बंधुआ मजदूरी कराई जाने लगी।


दोनों राज्यों की पुलिस और प्रशासन की संयुक्त दबिश में मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर महाराष्ट्र रवाना की गई। शाहपुर पुलिस टीम ने धाराशिव (उस्मानाबाद) की स्थानीय प्रशासनिक टीम और परंडा थाना पुलिस के सहयोग से ग्राम सोनारी में दबिश दी और बंधक बनाकर रखे गए बुरहानपुर के 10 मजदूरों (5 महिला, 5 पुरुष) तथा उनके बच्चों को मुक्त कराया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर खरगोन जिले के 8 मजदूर (4 महिला और 4 पुरुष) व उनके बच्चे भी बंधक अवस्था में पाए गए, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर मुक्त कराया। पुलिस ने सभी पीड़ित मजदूरों और बच्चों को सुरक्षित उनके गृह ग्राम के लिए रवाना कर दिया है और मामले से जुड़े फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।