इंदौर। शहर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगने वाली अस्थायी सब्जी मंडी को हटाने पहुंची नगर निगम की रिमूवल टीम को बुधवार सुबह भारी विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कारोबारियों और महिलाओं ने सड़क पर सब्जियां फेंककर अपना आक्रोश जताया। इसी बीच मौके पर पहुंचीं नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और निगम अमले के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें नेता प्रतिपक्ष द्वारा एक निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। हंगामे और धक्का-मुक्की के दौरान एक अधिकारी सड़क पर भी गिर पड़े। पुलिस ने इस मामले में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और सब्जी विक्रेताओं समेत 7 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।


बिना लिखित आदेश कार्रवाई और महिलाओं से अभद्रता का आरोप, निगम ने की मारपीट की शिकायत

मौके पर हंगामे के बीच नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने नगर निगम प्रशासन पर बिना कोई लिखित आदेश दिखाए जबरन कार्रवाई करने तथा महिला विक्रेताओं के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए। दूसरी ओर, नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि टीम ब्रिज के नीचे लगी अवैध मंडी को हटाने पहुंची थी और सब्जी व्यापारियों को समझाइश दी जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और निगम कर्मचारियों के साथ बदसलूकी व मारपीट शुरू कर दी, जिसमें दो कर्मचारियों को चोटें आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी क्षेत्र को खाली करा लिया गया है और वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं लगने दिया जाएगा। निगम की ओर से सात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।


थाने के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस पर लगाए पक्षपात के आरोप

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, निगम की शिकायत पर नेता प्रतिपक्ष और सब्जी विक्रेताओं समेत कुल 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेता प्रतिपक्ष को थाने से हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दौरान थाने के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थाने में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ ही नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।


कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का महापौर पर निशाना, कहा- 'जेल जाने को तैयार हैं कार्यकर्ता'

इस पूरे घटनाक्रम पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस प्रशासन पर भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस नेता साढ़े चार सौ गरीब परिवारों की रोजी-रोटी के लिए आवाज उठाते हैं, तो उनके साथ मारपीट की जाती है और उल्टा नेता प्रतिपक्ष पर ही सरकारी काम में बाधा का मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है, जबकि उनके साथी से हुई मारपीट पर कोई केस दर्ज नहीं किया गया। चौकसे ने महापौर को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मेयर ने बिना सोचे-समझे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी, जबकि यदि पहले हॉकर्स जोन का निर्माण कराया जाता तो इन गरीब व्यापारियों को रोजगार के लिए वैकल्पिक स्थान मिल जाता। उन्होंने चेतावनी दी कि इंदौर में अत्याचार की पराकाष्ठा हो गई है और गरीबों के हक की लड़ाई लड़ते हुए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जेल जाने के लिए तैयार है।