बालाघाट, रितेश सोनी। जिले के बिरसा तहसील अंतर्गत ग्राम दुधी में एक आदिवासी महिला की लगभग 10 एकड़ रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर दबंगों द्वारा जेसीबी से खुदाई करने और 50 से 60 कीमती सागौन के पेड़ काटकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता वर्ष 2023 से लगातार जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग के चक्कर काट रही थी, लेकिन समय पर सीमांकन नहीं होने से यह स्थिति बनी।

ग्राम कैण्डाटोला निवासी सुशीला मरकाम पति गुलाब सिंह मरकाम के अनुसार उन्होंने वर्ष 2022 में ग्राम दुधी के खसरा नंबर 9/1 की 3.990 हेक्टेयर (लगभग 10 एकड़) कृषि भूमि विधिवत रजिस्ट्री से खरीदी थी। उनका दावा है कि खसरा, बी-1 और नक्शे में उनका नाम दर्ज है। नगरपालिका मलाजखंड क्षेत्र के पटवारी हल्का नंबर 44 में आने वाली इस भूमि के सीमांकन के लिए उन्होंने 2023 से 2026 के बीच कई आवेदन दिए और सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत की, पर कथित तौर पर केवल टालमटोल ही मिलता रहा।

शिकायत के मुताबिक इसी दौरान ग्राम दुधी के कुछ लोगों ने जमीन में प्रवेश कर जेसीबी मशीन से गहरी ट्रेंच नाली खोद दी और आरी व कुल्हाड़ी से करीब 50 से 60 सागौन के पेड़ काटकर लकड़ी उठा ले गए। मामले में अवैध उत्खनन, अतिक्रमण और वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। पीड़िता ने 18 नवंबर को तहसीलदार बिरसा, थाना प्रभारी बिरसा और वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर सामान्य वनमंडल को दस्तावेजों व खुदाई-ठूंठों की तस्वीरों सहित शिकायत सौंपी है। उन्होंने राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम से पंचनामा बनाने, पुलिस सुरक्षा में सीमांकन कराने, जेसीबी जब्त करने तथा वन अपराध दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।