देवास। देवास जिले के चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस त्रासदी के एक और पीड़ित राकेश जेठीवाल ने बुधवार सुबह इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राकेश पिछले करीब डेढ़ महीने से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे। उनकी मृत्यु के साथ ही इस जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वालों का कुल आंकड़ा बढ़कर अब 14 तक पहुंच गया है।


12 अक्टूबर को पी थी शराब, चली गई थी आंखों की रोशनी और सुनने की शक्ति

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश जेठीवाल ने बीते 12 अक्टूबर को जहरीली शराब का सेवन किया था, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। गंभीर अवस्था में परिजन उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर गए थे, जहां वे करीब 10 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहे। उपचार के दौरान इस जहरीले केमिकल के दुष्प्रभाव से राकेश की आंखों की रोशनी चली गई थी और उन्हें ठीक से सुनाई देना भी बंद हो गया था। हालत में कुछ स्थिरता आने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया था, लेकिन नियमित जांच के लिए उन्हें लगातार अस्पताल बुलाया जा रहा था। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद बड़े भाई दीपक और उनकी मां उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।


27 सितंबर से शुरू हुआ था मौतों का खौफनाक सिलसिला

चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब से मौतों का यह सिलसिला बीते 27 सितंबर को शुरू हुआ था, जब किशोर परमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इसके बाद अक्टूबर माह में लगातार 30 से 40 वर्ष की आयु के कई युवाओं की जान गई। पीड़ितों में शराब पीने के बाद पेट दर्द, चक्कर आना, घबराहट और उल्टी जैसे लक्षण उभरे थे और कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई थी। इसी कड़ी में 17 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने के बाद संजू (32) और फूल सिंह (55) को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन दोनों की भी मौत हो गई थी। ग्रामीण विकास परमार और अन्य स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लाइसेंसी शराब की दुकान गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर होने के कारण गांव में वर्षों से अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही थी, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ा।



AI की मदद से बनाई थी नकली शराब, 14 आरोपियों में से 3 अब भी फरार

उल्लेखनीय है कि देवास पुलिस ने बीते 27 अक्टूबर को इस पूरे जहरीली शराब कांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया था कि आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से नकली शराब बनाने का तरीका खोजा था। इसके लिए इंदौर के दवा बाजार से खतरनाक केमिकल मंगवाया गया था। केमिकल की सप्लाई करने से लेकर नकली शराब तैयार करने और उसे गांवों तक पहुंचाने के लिए एक पूरा संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 11 की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।