ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब वायरल वीडियो पीड़िता के भाई के मोबाइल फोन तक जा पहुंचा। इसके बाद स्तब्ध परिजनों ने पीड़िता के साथ मंगलवार रात महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य आरोपी हरेन्द्र गुर्जर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शताब्दीपुरम निवासी किशोरी की करीब चार महीने पहले स्कूल-कोचिंग आते-जाते समय डीडी नगर स्थित कोठारी हाउस निवासी हरेन्द्र गुर्जर से पहचान हुई थी। किशोरी द्वारा बातचीत बंद कर देने के बावजूद आरोपी उसका पीछा करता था और बात करने का दबाव बनाता था। शिकायत के मुताबिक, 16 नवंबर को घर में विवाद होने के बाद किशोरी अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में किराये के पैसे कम पड़ने पर वह दशहरा मैदान में बैठ गई और एक राहगीर के फोन से आरोपी को कॉल कर 50 रुपये मांगे। आरोप है कि मौके पर पहुंचा हरेन्द्र रुपये दिलाने के बहाने किशोरी को अपने सूने घर ले गया, जहां कमरा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे धमकाया।
ये भी पढ़ें




इसके बाद 23 नवंबर को आरोपी ने वह अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो पीड़िता के भाई के मोबाइल तक पहुंच गया। मामले में महाराजपुरा सर्किल के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।










