रायगढ़, छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की)। धरमजयगढ़ क्षेत्र में रेत की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी और रेत घाट की संचालन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ दिन पहले तक नगर की जनता को लगभग 600 रुपये में एक ट्रैक्टर (करीब ढाई घन मीटर) रेत मिल जाती थी, लेकिन रेत खदान खुलने के बाद अब उसी रेत के लिए 1800 से 2000 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। यानी रेत की कीमत लगभग तीन गुना तक पहुंच गई है। ऐसे में आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

हैरानी की बात यह है कि रॉयल्टी के नाम पर रेत घाट संचालित होने के बावजूद उपभोक्ताओं और ट्रैक्टर चालकों को कथित तौर पर कोई वैध रॉयल्टी पर्ची या ई-टीपी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। स्थानीय स्तर पर रॉयल्टी के नाम पर राशि वसूले जाने और वैध दस्तावेज नहीं दिए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। इस संबंध में खनिज विभाग को फोन के माध्यम से लगातार सूचना दिए जाने की बात भी कही जा रही है, लेकिन अब तक मौके पर प्रभावी जांच और कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। वहीं, मिली जानकारी के अनुसार रेत घाट के 5 हेक्टेयर लीज क्षेत्र का सीमांकन (डिमार्केशन) भी नहीं हुआ है। यदि यह जानकारी सही है तो सवाल उठता है कि बिना लीज क्षेत्र को विधिवत चिन्हांकित किए उत्खनन और परिवहन की निगरानी किस आधार पर की जा रही है? आखिर यह कैसे सुनिश्चित किया जा रहा है कि रेत का उत्खनन स्वीकृत क्षेत्र के भीतर ही हो रहा है?


नदी तक पहुंचने वाले रास्तों की मशीन से खुदाई किसकी अनुमति से?

मामला केवल रॉयल्टी और रेत की कीमतों तक सीमित नहीं है। नगर क्षेत्र के डोंगा घाट, कोदवारीपारा सहित अन्य स्थानों पर नदी तक जाने वाले रास्तों को मशीनों से खोदे जाने की भी जानकारी सामने आई है। आखिर इन रास्तों की खुदाई किसके आदेश या अनुमति से की गई? क्या इसके लिए संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति ली गई है? यदि अनुमति ली गई है तो उसका आदेश सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है? वहीं, यदि बिना अनुमति रास्तों की खुदाई की गई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?

खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन से सीधे सवाल

रेत घाट में रॉयल्टी वसूली के बदले वैध पर्ची और ई-टीपी क्यों नहीं दी जा रही है? 5 हेक्टेयर लीज क्षेत्र का सीमांकन हुआ है या नहीं? घाट पर सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश-निकास बैरियर और निगरानी की व्यवस्था है या नहीं? नदी तक जाने वाले रास्तों की मशीन से खुदाई की अनुमति किसने दी? लगातार शिकायतों और सूचनाओं के बावजूद खनिज विभाग की टीम मौके पर जांच करने कब पहुंचेगी? नगर की जनता का सवाल है कि आखिर रेत घाट आम लोगों को उचित दर पर रेत उपलब्ध कराने के लिए है या रेत की कीमतों में बढ़ोतरी और कथित अवैध वसूली का माध्यम बनता जा रहा है? खनिज विभाग के अधिकारी आखिर कब जागेंगे? स्थानीय प्रशासन कब संज्ञान लेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करेंगे या आम जनता इसी तरह महंगी रेत खरीदने को मजबूर रहेगी? अब देखना होगा कि प्रशासन कब नींद से जागता है और रेत घाट की पूरी व्यवस्था की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है।