बालाघाट, रितेश सोनी। जिले के सालेटेकरी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर 20 से 25 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य जवानों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात ग्राम कचनारी से पुलिस को सूचना मिली थी कि अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े एक ट्रक में बाइक सवार जा घुसा है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सालेटेकरी थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहले से मौजूद कुछ नशेड़ियों और ग्रामीणों की भीड़ ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।

इस हमले में आरक्षक तोमेस बघेल को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं विशेष सहयोगी दस्ता के जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल बिरसा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मंडई मेले का आयोजन चल रहा था, जिसके चलते नशे में घूम रहे कुछ असामाजिक तत्व वहां मौजूद थे। हालांकि, पुलिस पर हमले की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सालेटेकरी पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।