राजगढ़। मध्य प्रदेश में बिजली व्यवस्था और स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहे विवादों के बीच अब राजगढ़ जिले के ब्यावरा से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र के कई बिजली उपभोक्ताओं ने एक मीटर रीडर पर हर महीने अवैध वसूली करने, मनमानी रीडिंग दर्ज करने और रिश्वत के बदले कम बिल जारी कर विभाग को राजस्व नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को पीड़ित उपभोक्ताओं ने बिल नंबर सहित विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिश्वत न देने पर मैक्सिमम डिमांड बढ़ाकर भेजा जा रहा अतिरिक्त पेनल्टी बिल
मुख्य बाजार क्षेत्र के उपभोक्ताओं द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित मीटर रीडर रीडिंग लेने के नाम पर उपभोक्ताओं से हर महीने 100 से 500 रुपये तक की अवैध राशि की मांग करता है। जो उपभोक्ता रुपये देने से इनकार कर देते हैं, उन्हें जानबूझकर अधिक राशि का बिल भेजकर प्रताड़ित किया जाता है।उपभोक्ताओं ने प्रमाण के तौर पर अपने बिल नंबरों का हवाला देते हुए बताया कि जून से नवंबर 2026 के बीच मीटर रीडर ने बिलिंग मशीन में जानबूझकर मैक्सिमम डिमांड (Maximum Demand) 2 से 3 किलोवाट दर्ज कर दी, जिसके चलते उन्हें प्रतिमाह 308 से 616 रुपये तक का अतिरिक्त पैनल चार्ज (पेनल्टी) भुगतना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, एक उपभोक्ता से 200 रुपये मांगने और राशि न मिलने पर बिल जारी न करते हुए मीटर को संदिग्ध मानकर चेकिंग पर डालने का आरोप भी लगाया गया है।
ये भी पढ़ें




200 रुपये लेकर 100 रुपये से कम का बिल बनाने का आरोप, कंपनी को राजस्व क्षति
शिकायत में यह भी खुलासा किया गया है कि अवैध राशि देने वाले कुछ उपभोक्ताओं की वास्तविक मीटर रीडिंग छिपाकर मशीन में कम रीडिंग दर्ज कर दी जाती है। आरोप है कि एक उपभोक्ता से मार्च से अगस्त 2026 तक हर महीने 200 रुपये लेकर उसे 100 रुपये से भी कम का बिजली बिल जारी किया गया। इस तरह के खेल से बिजली कंपनी को सीधे तौर पर भारी राजस्व नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
सीएम हेल्पलाइन पर भी दर्ज हुई शिकायत, भौतिक सत्यापन की मांग
उपभोक्ता धीरज ने बताया कि उन्होंने अपनी एक दुकान पर स्मार्ट मीटर लगवा लिया है, लेकिन जिन स्थानों पर सामान्य मीटर लगे हैं, वहां रीडर द्वारा जानबूझकर गड़बड़ी कर परेशान किया जा रहा है। इस मामले में उपभोक्ताओं द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसका शिकायत क्रमांक आवेदन के साथ संलग्न किया गया है। शिकायतकर्ता रामचंद्र अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, सोना हुकुमचंद, आयुषी, यशवंत वर्मा, प्रियंका और कैलाश मिश्रा सहित अन्य उपभोक्ताओं ने कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि सभी प्रभावित उपभोक्ताओं के बिजली बिलों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, बिलिंग मशीन में दर्ज रीडिंग की तकनीकी जांच हो और दोषी मीटर रीडर के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।










