नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को जमानत दे दी है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने सुबोध अग्रवाल की जमानत याचिका स्वीकार की। एसीबी ने सुबोध अग्रवाल को 9 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया था और वह करीब सात से आठ महीने से न्यायिक हिरासत में थे।

पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल पर जल जीवन मिशन के तहत करीब 979.45 करोड़ रुपए के टेंडर में कथित अनियमितताओं से जुड़े आरोप हैं।

बता दें कि आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत कर गलत ईमेल आईडी के जरिए फर्जी सत्यापन कराया। दोनों फर्मों को टेंडर के अगले चरण के लिए पात्र माना गया और करोड़ों रुपए के वर्क ऑर्डर जारी रखे गए।

राजस्थान हाईकोर्ट ने 13 अगस्त को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, जहां से अब उन्हें जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद सुबोध अग्रवाल को करीब सात-आठ महीने बाद जेल से राहत मिली है।

इससे पहले 16 अक्टूबर को राजस्थान के पूर्व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) मंत्री महेश जोशी को जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले के मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। शीर्ष अदालत ने एसीबी मामले में जोशी और सह-आरोपी मुकेश पाठक को नियमित जमानत दे दी थी।

राजस्थान की पिछली सरकार में मंत्री रहे जोशी इस मामले में गिरफ्तारी के बाद से ही हिरासत में थे। यह मामला 'जल जीवन मिशन' के तहत सैकड़ों करोड़ रुपए के सरकारी ठेके देने में अनियमितताओं से जुड़ा था।