पन्ना। जिले के ग्राम डडवारिया में देव प्रकाश मिश्रा के खलिहान वाले घर में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस आगजनी की घटना में घर के भीतर रखा गृहस्थी का सामान, लकड़ी, कीमती कृषि यंत्र और पशुओं के लिए संग्रहित चारा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीणों ने शुरू किए बचाव कार्य, देवेंद्रनगर से बुलाई गई फायर ब्रिगेड
प्रत्यक्षदर्शी रविकांत के अनुसार, घर से अचानक घना धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, ताकि आग को विकराल होने से रोका जा सके। इसके साथ ही घटना की सूचना देवेंद्रनगर स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय को दी गई।
ये भी पढ़ें




आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी, आग लगने के कारणों का पता नहीं
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। इसके पश्चात दमकलकर्मियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत करते हुए आग को पूरी तरह बुझाया और उसे आसपास के अन्य घरों व खेतों तक फैलने से रोका। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर का अधिकांश जरूरी सामान और पशुओं का चारा जलकर नष्ट हो चुका था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति का जायजा लेने के बाद ही हुए नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।









