झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रैक्टर की टक्कर से एक मजदूर की मौत होने के बाद बुधवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भोजला मंडी के समीप उन्नाव बालाजी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर पुलिस और आरोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। चक्काजाम के चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सीओ सिटी प्रिया सिंह समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।


मजदूरी कर बाइक से घर लौटते समय हुआ था हादसा, रंजिश में हत्या का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम केशवपुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश अहिरवार पुत्र स्वामी प्रसाद राजमिस्त्री का कार्य करता था। मंगलवार देर शाम वह झांसी में मजदूरी करने के बाद अपने एक साथी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के रास्ते पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मुकेश और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। मुकेश की मौत के बाद परिजनों ने इस घटना को सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते मुकेश को निशाना बनाया गया; पहली टक्कर लगने के बाद जब वह सड़क पर गिर पड़ा, तो आरोपी चालक ने उसके ऊपर दोबारा ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी जान चली गई।


देर रात मारपीट कर ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ा ले जाने और अस्पताल में अभद्रता का आरोप

मृतक के चाचा नरेश ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन देर रात ट्रैक्टर मालिक की ओर से स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर कई लोग वहां पहुंचे और ग्रामीणों से मारपीट कर जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ा ले गए। नरेश का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में भी शोक संतप्त परिजनों के साथ अभद्रता व मारपीट की और शोर मचाने पर वहां से भाग निकले।


एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस, आश्वासन के बाद खुला जाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचीं सीओ सिटी प्रिया सिंह ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि केशवपुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश की मृत्यु के संबंध में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने का ठोस भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और मार्ग से जाम हटाया। पुलिस द्वारा परिजनों के सभी आरोपों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है।