मेट्रो शहरों जैसी सुविधा अब छतरपुर में: 32.50 करोड़ का हाईटेक अस्पताल तैयार, रेफर के झंझट से मिलेगी मुक्ति!

Advertisement
विनोद मिश्रा, छतरपुर। छतरपुर जिला अस्पताल अब संभाग के सबसे उन्नत और आधुनिक अस्पतालों की फेहरिस्त में शुमार हो गया है। केंद्र सरकार की पीएम-अभिम (PM-ABHIM) योजना के तहत करीब 32.50 करोड़ रुपये की लागत से बना 200 बेड का अत्याधुनिक 'क्रिटिकल केयर ब्लॉक' बनकर पूरी तरह तैयार है।
18 हजार वर्ग फीट में फैला यह पांच मंजिला भव्य भवन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है। आगामी 30 सितंबर को मुख्यमंत्री द्वारा इस ब्लॉक के संभावित उद्घाटन की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को अब गंभीर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा।
इस नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक की सबसे बड़ी खासियत यहाँ की 'सेंट्रल ऑक्सीजन गैस पाइपलाइन' और 'मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर' हैं। भवन में कुल 200 बेड लगाए गए हैं और हर पलंग तक सीधे ऑक्सीजन पाइपलाइन पहुंचाई गई है, जिससे आपात स्थिति में सिलेंडरों की भागदौड़ खत्म होगी। इसके अलावा, अस्पताल में 5 अत्याधुनिक मॉड्यूलर और 2 माइनर ओटी (Operation Theater) बनाए गए हैं।
खास रणनीति के तहत ग्राउंड फ्लोर पर ही एक माइनर और एक मॉड्यूलर ओटी रखा गया है, ताकि एक्सीडेंट या हार्ट अटैक जैसे गंभीर मामलों में मरीज को बिना वक्त गंवाए तत्काल सर्जरी की सुविधा मिल सके। सुविधाओं के विस्तार की बात करें तो इस सेंट्रलाइज्ड एसी भवन में आईसीयू, कार्डियो यूनिट, डायलिसिस, सर्जिकल वार्ड और लेबर रूम जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल की गई हैं। बच्चों के लिए विशेष SNCU और PNC वार्ड की भी समुचित व्यवस्था है।
मरीजों की सुगम आवाजाही के लिए 5 लिफ्ट (4 मरीजों के लिए और 1 स्टाफ के लिए) और एक विशाल स्ट्रेचर रैंप बनाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया के अनुसार, भवन की लागत अतिरिक्त सुविधाओं के कारण 29.81 करोड़ से बढ़कर 32.50 करोड़ तक पहुँची है। इस ब्लॉक के शुरू होने से न केवल करोड़ों की मशीनों का सदुपयोग होगा, बल्कि जिले से होने वाले 'रेफर' केसों में भी भारी कमी आएगी।


